हल्द्वानी में शादी करने वालों के लिए जरूरी खबर, बारात से DJ तक पुलिस ने तय किए नियम

0
WeddingSeason

Wedding Season | Haldwani| | Police Guidelines : शहर में शादी समारोहों के दौरान यातायात व्यवस्था बिगड़ने और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को रोकने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस ने बैंक्वेट हॉल संचालकों, डीजे ऑपरेटरों और बैंड-बाजा संचालकों को साफ निर्देश दिए हैं कि विवाह समारोहों के दौरान तय नियमों का पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई हो सकती है।

शनिवार को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने मिनी पुलिस लाइन में संबंधित संचालकों के साथ बैठक की। इसमें हल्द्वानी, मुखानी, बनभूलपुरा और काठगोदाम क्षेत्र के बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों के साथ डीजे और बैंड संचालक शामिल हुए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शादी समारोहों के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर जाम नहीं लगना चाहिए। आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो और किसी तरह की अव्यवस्था पैदा न हो….इसके लिए सभी संचालकों को जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने निर्देश दिया है कि बारात बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर दूर से शुरू कराई जाएगी। मुख्य सड़क पर बारात के कारण यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। बैंड-बाजा संचालकों को भी छोटी ट्रॉली के साथ सड़क के किनारे चलने के लिए कहा गया है।

इसके अलावा रात 10 बजे के बाद डीजे सिस्टम और बैंड बजाने की अनुमति नहीं होगी। बैंक्वेट हॉल संचालकों को बारात की बुकिंग की जानकारी पहले से संबंधित थाना प्रभारी को देनी होगी और जरूरी अनुमति भी प्राप्त करनी होगी।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने सभी बैंक्वेट हॉल के अंदर और चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक बैंक्वेट हॉल में वालंटियर तैनात करने की जिम्मेदारी भी संचालकों को सौंपी गई है।

विवाह समारोह में शामिल होने वाले वाहनों के लिए परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। किसी भी वाहन को मुख्य सड़क पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही वर और वधू पक्ष को पहले से समझाना होगा कि बारात तय समय पर बैंक्वेट हॉल पहुंचे और सड़क पर भीड़ न लगाए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बारात में शामिल कोई भी व्यक्ति असलहा लेकर बैंक्वेट हॉल में प्रवेश नहीं करेगा। सड़क के बीच या भीड़ के नजदीक खतरनाक आतिशबाजी भी नहीं की जा सकेगी। इसका उद्देश्य किसी दुर्घटना और आगजनी की आशंका को रोकना है।

विवाह समारोहों में सेवाएं देने वाले कैटरर्स, डीजे और बैंड संचालकों का सत्यापन कराना भी अनिवार्य किया गया है।

पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में बारातों की जानकारी मिलने पर लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि शादी समारोहों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना प्राथमिकता है।

बैठक में हल्द्वानी, मुखानी, काठगोदाम और बनभूलपुरा के थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक, चौकी प्रभारी और बैंक्वेट हॉल, डीजे व बैंड संचालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *