अंकिता हत्याकांड: उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट को लेकर कोर्ट ने दिया आदेश
Ankita Bhandari Case | Urmila Sanawar | Narco Test : अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को लेकर चल रही जांच के बीच एक और अहम अपडेट सामने आया है। टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा। देहरादून की सीबीआई कोर्ट ने शुक्रवार को दोनों टेस्ट कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। ये टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में होंगे।
उर्मिला सनावर के वकील शिवानी तोमर ने बताया कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए सहमति दी गई है। इस संबंध में उर्मिला के बयान भी रिकॉर्ड किए गए हैं। हालांकि अभी टेस्ट की तारीख तय नहीं हुई है। संभावना है कि नवंबर के तीसरे सप्ताह तक उनका मेडिकल परीक्षण कराया जाए। इसके बाद टेस्ट की तारीख निर्धारित की जाएगी।
इस मामले में भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर का भी नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट होना है। दोनों के टेस्ट को इस मामले की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में उर्मिला सनावर का नाम उस समय चर्चा में आया, जब पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली उर्मिला के बीच बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में अंकिता हत्याकांड से जुड़े एक कथित वीआईपी का जिक्र किया गया था। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई थी।
ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर व अंकित गुप्ता को दोषी ठहराया गया था। तीनों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
मामले में लगातार उठ रहे सवालों और अंकिता के माता-पिता सहित विभिन्न संगठनों की मांग के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनवरी में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। अब सीबीआई कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
