उत्तराखंड की लखपति दीदियों के खाते में आएंगे 20-20 हजार रुपये, CM धामी का ऐलान
Uttarakhand | Lakhpati Didis | CM Dhami : उत्तराखंड की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा की है। राज्य में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियों को सरकार 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। यह रकम दो किस्तों में सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहली किस्त अगले महीने से मिलनी शुरू होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रदेश में 70,876 स्वयं सहायता समूह संचालित हो रहे हैं। इन समूहों से कुल 5,20,989 महिलाएं जुड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं में से अब तक 3,10,994 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यानी इन महिलाओं की सालाना आमदनी एक लाख रुपये से अधिक हो गई है। सरकार का लक्ष्य बाकी महिलाओं को भी इस श्रेणी में लाना है।
लखपति दीदियों को मिलने वाली 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि 10-10 हजार रुपये की दो किस्तों में दी जाएगी। अगले महीने से इसका भुगतान शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राशि का उद्देश्य महिलाओं की आजीविका बढ़ाने, कौशल विकास, उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जल्द ही अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ भोजन माताओं के मानदेय में भी वृद्धि करने जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नकल के मामलों में कार्रवाई नहीं होने की बात गलत है। सरकार ने सख्त नकलरोधी कानून लागू किया है और 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता और क्षमता के आधार पर सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान और स्वरूप को बनाए रखते हुए आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित प्रदेश देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जनसांख्यिकीय बदलाव को देखते हुए सख्त मतांतरण कानून लागू किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
