नैनीताल : बेटा चुनाव जीते, इसलिए मां ने उसी कॉलेज में लिया एडमिशन, जीत के बाद छलके खुशी के आंसू

0
BhanuChauhan

DSB Campus | Student Election | Nainital : कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय भानू प्रताप सिंह चौहान ने जीत दर्ज की है। उन्होंने विद्यार्थी परिषद समर्थित शुभम कुमार को 482 वोट के अंतर से हराया। भानू चौहान को 1355, शुभम कुमार को 873 और हिमांशु आर्य को 283 वोट मिले। अध्यक्ष पद पर 10 मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना…जबकि 14 वोट निरस्त हुए।

मंगलवार को परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान हुआ। कुल 5410 छात्र-छात्राओं में से 2535 ने मतदान किया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कराई गई। अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं प्रभारी निदेशक प्रो. संजय पंत ने चुनाव परिणामों की घोषणा की।

संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पुरी ने जीत दर्ज की। उन्हें 1614 वोट मिले….जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी गौरी को 619 वोट मिले। इस पद पर 202 वोट NOTA और 110 मत निरस्त हुए।

कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत ने बेहद करीबी मुकाबले में जीत हासिल की। उन्हें 1165 वोट मिले…जबकि विदुषी वर्मा को 1147 वोट मिले। दोनों के बीच 18 वोट का अंतर रहा। इस पद पर 127 वोट NOTA और 96 मत निरस्त हुए।

इन पदों पर हुआ निर्विरोध निर्वाचन

महासचिव पद पर कमल कार्की, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी और सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद पर तन्मय भंडारी का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वहीं संकाय प्रतिनिधियों में कला संकाय से अनिल कुमार, वाणिज्य से संध्या कापड़ी, विधि से दिव्यांशी कौशल और प्रबंध अध्ययन से सानिध्य उप्रेती निर्विरोध चुने गए।

बेटे की जीत पर भावुक हुईं मां

भानू चौहान की जीत के बाद उनकी मां और हल्द्वानी नगर निगम की पार्षद बीना चौहान भावुक नजर आईं। उन्होंने बेटे को गले लगाकर जीत की खुशी जाहिर की। बताया गया कि बीना चौहान ने बेटे के चुनाव में उसका साथ देने के लिए डीएसबी परिसर में एमए राजनीति शास्त्र में प्रवेश भी लिया था।

चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए प्रचार की जिम्मेदारी संभाली। भानू चौहान ने अपनी जीत का श्रेय छात्रों के समर्थन और मां के आशीर्वाद को दिया।

जीत के बाद छात्रों से किए वादे दोहराए

नवनिर्वाचित अध्यक्ष भानू चौहान ने छात्रों और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान छात्रों से किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इनमें परिसर में फ्री वाई-फाई की सुविधा, लाइब्रेरी में पर्याप्त किताबें उपलब्ध कराना और पानी की समस्या का समाधान शामिल है।

चुनाव के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम भी परिसर में लगातार निगरानी करती रही। अधिकारियों ने मतदान और मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed