उत्तराखंड: भाजपा पार्षद के घर बड़ी चोरी, खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को किया बेहोश! लाखों की ज्वेलरी लेकर फरार
Drugging | Theft | Dehradun: राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि घरेलू सहायक ने परिवार के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया और इसके बाद घर से नकदी और लाखों रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई…जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बसंत विहार पुलिस के अनुसार घटना 30 सितंबर की सुबह वार्ड 36 विजय पार्क स्थित पार्षद अमिता सिंह के घर की है। बताया जा रहा है कि 29 सितंबर की रात घरेलू सहायक ने डिनर में कोई पाउडर मिला दिया था। खाना खाने के बाद घर में मौजूद अमिता सिंह, उनके भांजे और छोटे दामाद की तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों के मुताबिक भांजे और छोटे दामाद को बाद में होश आ गया, जबकि अमिता सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके भाई राजेश तलवार ने कहा कि चिकित्सकों ने उनकी हालत को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है और उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि घरेलू सहायक को करीब 20 से 25 दिन पहले ऑनलाइन एजेंसी के जरिए घर के काम के लिए रखा गया था। घटना के बाद से वह घर से गायब है। परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी…जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस घर से गायब नकदी और ज्वेलरी की कीमत का आकलन कर रही है। साथ ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी हैं। फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पार्षद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घरेलू सहायक की तलाश के साथ ही चोरी हुई नकदी और ज्वेलरी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।