उत्तराखंड: छात्रों को गेस्ट हाउस बुलाकर शराब पी रहा था टीचर, अभिभावकों ने रंगे हाथ पकड़ा; केस दर्ज

0
Teacher-4-Students-Caught-Drinking

Jhulaghat | Guest Teacher | Pithoragarh : पिथौरागढ़ के झूलाघाट में एक गेस्ट टीचर के अपने चार विद्यार्थियों के साथ गेस्ट हाउस में शराब का सेवन करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को थाने ले गई। मामले में पुलिस ने गेस्ट टीचर के खिलाफ बीएनएस की धारा 172 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

झूलाघाट कोतवाली के कोतवाल संजीव कुमार के मुताबिक सोमवार को जामिरपानी के पास सड़क बंद होने के कारण अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज झूलाघाट में इंटरमीडिएट के आईटी विषय में गेस्ट टीचर के तौर पर कार्यरत अजय सिंह झूलाघाट में ही रुक गए थे। आरोप है कि रात में उन्होंने अपने चार विद्यार्थियों को गेस्ट हाउस में बुलाया।

बच्चों के गेस्ट हाउस पहुंचने की जानकारी मिलने पर उनके अभिभावकों को शक हुआ। अभिभावक गेस्ट हाउस पहुंचे तो वहां शिक्षक और विद्यार्थी शराब का सेवन करते मिले। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही झूलाघाट कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। कोतवाल के निर्देश पर एएसआई संतोष खड़ायत गेस्ट हाउस पहुंचे और गेस्ट टीचर अजय सिंह को थाने ले आए।

पुलिस के अनुसार शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 172 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। उसे रातभर थाने में रखा गया। मंगलवार को 20-20 हजार रुपये के दो निजी मुचलकों पर रिहा किया गया। पुलिस के मुताबिक शिक्षक से माफीनामा भी भरवाया गया और भविष्य में इस तरह की घटना नहीं दोहराने की बात कही गई।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों में भी चिंता है। वहीं झूलाघाट बाजार में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षक और विद्यार्थियों के एक साथ शराब का सेवन करने की ऐसी घटना उन्होंने पहले नहीं देखी।

मामले में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज झूलाघाट के प्रभारी प्रधानाचार्य राकेश चौहान का पक्ष जानने का प्रयास किया गया…लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed