हल्द्वानी में नगर निगम की 2 दुकानें अचानक हो गईं गायब! किसी ने बनाया रास्ता तो किसी ने खड़ी कर दी दीवार

0
haldwani-municipal-corporation

Haldwani | Municipal Corporation | Encroachment : चोरगलिया रोड पर नगर निगम की दो दुकानें ही गायब हो गईं। बताया जा रहा है कि दुकानों के बचे हिस्से को भी पूरी तरह तोड़कर वहां रहने वाले लोगों ने अपने घरों के लिए रास्ता और अन्य निर्माण कर लिया। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और दुकान की जगह बनाई गई दीवार को ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम के अनुसार ताज चौराहे से गौलापार की ओर जाने वाली सड़क पर निगम की दुकानें स्थित हैं। इन दुकानों का संचालन किरायेदारी के आधार पर किया जाता है। अशरफ हुसैन और मतलूब हुसैन को एक-एक दुकान आवंटित की गई थी।

वर्ष 2018 में चोरगलिया रोड के चौड़ीकरण के दौरान दोनों दुकानों का काफी हिस्सा तोड़ा गया था। इसके बाद दुकानें ज्यादातर बंद ही रहीं। दुकानों के पीछे आबादी क्षेत्र है…जहां कई मकान बने हुए हैं।

नगर निगम का आरोप है कि बाद में पीछे रहने वाले लोगों ने दुकानों के बचे हुए हिस्से को भी तोड़ दिया। एक हिस्से से जुड़ी जमीन पर दुकान बना ली गई…जबकि दूसरे हिस्से में घर आने-जाने के लिए रास्ता तैयार कर लिया गया। इस तरह निगम की दोनों दुकानें मौके पर नजर नहीं आ रही थीं।

शिकायत मिलने के बाद नोडल अतिक्रमण गणेश भट्ट और टैक्स अधीक्षक कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को निगम की पुरानी दुकान के हिस्से में एक दीवार खड़ी मिली। नगर निगम ने दीवार को ध्वस्त कर दिया और चालानी कार्रवाई भी की।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम को चोरगलिया रोड भेजा गया था। वहां निगम की दुकान की जगह दीवार खड़ी मिली….जिसे हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को दोनों दुकानों का आवंटन किया गया था…उनका निधन हो चुका है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

हल्द्वानी में नगर निगम के पास नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, बाजार क्षेत्र समेत कई इलाकों में करीब 1200 दुकानें हैं। इन दुकानों से निगम को किराये के रूप में राजस्व मिलता है। चोरगलिया रोड की दुकानों को लेकर शिकायत के बाद कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed