CM धामी के जाते ही जौलजीबी मेले में बवाल! आखिर क्यों भड़के कांग्रेस विधायक हरीश धामी?
Jauljibi Fair | Harish Dhami | CM Dhami : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान शनिवार को उस समय माहौल गरमा गया…जब स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच से बोलने का मौका नहीं मिला। विधायक के संबोधन के बीच माइक बंद किए जाने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मंच पर अधिकारियों और विधायक के बीच तीखी बहस होने लगी।
दरअसल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 102.72 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर लगने वाला यह मेला अपनी व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है। छह साल बाद मेले में तिब्बती सामान की दुकानें लगने की उम्मीद से भी इस बार आयोजन को लेकर खास उत्साह था।
कार्यक्रम के दौरान विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और अपनी बात रखने लगे। इसी बीच उनका माइक बंद कर दिया गया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। कुछ ही देर में मंच पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
विधायक ने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि को बोलने का अवसर नहीं देना गलत है। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को सामने रखने को अपना अधिकार बताया। साथ ही उन्होंने पहले की गई घोषणाओं पर काम पूरा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि जनता लंबे समय से विकास कार्यों के धरातल पर उतरने का इंतजार कर रही है।
हरीश धामी ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि उनकी बात सुने बिना ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम से रवाना हो गए। इसके बाद मंच पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। अधिकारियों और विधायक के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान गाली-गलौज और तोड़फोड़ की स्थिति भी सामने आई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जौलजीबी मेले के शुभारंभ पर विकास योजनाओं की घोषणा के बीच हुआ यह विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा का विषय बन गया है।
