हल्द्वानी निवासी आर्यन जुयाल रणजी ट्रॉफी टीम के बने कप्तान
Cricket: Aryan Juyal: Ranji Trophy: Captain: रणजी ट्रॉफी में पिछले 20 वर्षों से खिताब का इंतजार कर रही उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने नए सीजन के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज आर्यन जुयाल को सौंपी गई है। यूपीसीए को उम्मीद है कि आर्यन की कप्तानी में टीम इस बार लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म करने की मजबूत कोशिश करेगी।
उत्तर प्रदेश अपने रणजी अभियान की शुरुआत 11 अक्तूबर को बिहार के खिलाफ राजगीर में करेगा। टीम को लीग चरण में कुल सात मुकाबले खेलने हैं, जिनमें तीन मैच कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होंगे।
आर्यन जुयाल को कप्तानी की जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है, जब टीम में अनुभव और युवा प्रतिभा का मजबूत मिश्रण मौजूद है। टीम में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के अलावा करन शर्मा, प्रशांतवीर, जीशान अंसारी, यश दयाल और कार्तिक त्यागी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में आर्यन के सामने खिलाड़ियों को एकजुट कर टीम को लगातार बेहतर प्रदर्शन कराने की बड़ी चुनौती होगी।
रणजी टीम के चयन के लिए पिछले एक सप्ताह से ग्रीन पार्क स्टेडियम में संभावित खिलाड़ियों का कैंप आयोजित किया गया था। बुधवार को कैंप के अंतिम दिन फिटनेस और फील्डिंग सेशन के बाद ट्रायल मैचों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम चुनी गई।
उत्तर प्रदेश का दूसरा मुकाबला 18 से 21 अक्तूबर तक ग्रीन पार्क में गोवा के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम पुडुचेरी से खेलेगी और 2 से 5 नवंबर तक बड़ौदा के खिलाफ ग्रीन पार्क में उतरेगी।
दूसरे चरण में यूपी का सामना मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और विदर्भ से होगा। टीम के कोच ज्ञानेंद्र पांडेय और राहुल सप्रू हैं। अब नजरें आर्यन जुयाल की कप्तानी पर रहेंगी कि वह यूपी को 20 साल बाद रणजी ट्रॉफी के खिताब तक पहुंचा पाते हैं या नहीं। बता दें कि आर्यन जुयाल इससे पहले भी उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम की कमान संभाल चुके हैं। जबकि उनके पास भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी का भी अनुभव है। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। अब वो उत्तर प्रदेश के लिए 14 शतक जड़ चुके हैं। जिसमें 8 फर्स्ट क्लास शतक हैं और 6 लिस्ट ए शतक।