दीक्षांशु नेगी की इंग्लैंड में क्रिकेट यात्रा जारी रहेगी, नए सीजन के लिए मॉन्टन क्रिकेट क्लब के साथ करार
Haldwani News: Uttarakhand: Dikshanshu Negi: उत्तराखंड के क्रिकेटर दीक्षांशु नेगी की इंग्लैंड में क्रिकेट यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने अब मॉन्टन क्रिकेट क्लब के साथ करार किया है। वो 2027 ग्रेटर मैनचेस्टर क्रिकेट लीग के आगामी सीजन में मॉन्टन की ओर से खेलते नजर आएंगे। क्रिकेट एजेंसी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिक्षांशु के क्लब से जुड़ने की जानकारी साझा करते हुए उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
दीक्षांशु नेगी एक शानदार ऑलराउंडर के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। इंग्लैंड में वो लंबे वक्त से प्रोफेशनल क्रिकेट सर्किट का हिस्सा रहे हैं। पिछले तीन सीजन के दौरान दिक्षांशु ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक 3,000 से अधिक रन बनाए हैं, जबकि उनका बल्लेबाजी औसत 53.61 रहा है। गेंदबाजी में भी दीक्षांशु के आंकड़े बेहद शानदार हैं। उन्होंने पिछले तीन सीजन में 193 विकेट अपने नाम किए हैं और उनका गेंदबाजी औसत महज 12.10 रहा है।
अब मॉन्टन क्रिकेट क्लब को दीक्षांशु से 2027 के सीजन में बड़ी उम्मीदें होंगी। क्लब के मुताबिक, वह टीम के लिए बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभा सकते हैं। दीक्षांशु का मॉन्टन से जुड़ना उत्तराखंड और भारतीय क्लब क्रिकेट के लिए भी खास उपलब्धि माना जा रहा है। आने वाले सीजन में सभी की नजरें उनके प्रदर्शन पर रहेंगी। इससे पहले दीक्षांशु इंग्लैंड में Sandford Cricket CLUB, Royton क्रिकेट क्लब और Westhoughton क्रिकेट क्लब के लिए इंग्लैंड में खेल चुके हैं।