उत्तराखंड के लक्ष्य की कप्तानी में भारत बना एशिया चैंपियन, फाइनल में पाकिस्तान को दी मात
U19 Asia Cup | India vs Pakistan | Cricket Final : भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला आखिरी गेंद तक रोमांच से भरा रहा। शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जज्बा दिखाते हुए गत चैंपियन पाकिस्तान को एक विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए थे। उसकी ओर से सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने शानदार शतक लगाया। जवाब में भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की राह आसान नहीं रही। एक समय टीम के आठ विकेट 252 रन पर गिर चुके थे। ऐसे मुश्किल हालात में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को जीत की उम्मीद दिलाई।
मनल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेली। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। हालांकि वह टीम को जीत तक पहुंचाने से पहले आउट हो गए।
भारत का नौवां विकेट 309 रन पर गिरा तो मुकाबला पाकिस्तान के पक्ष में जाता दिखाई देने लगा। लेकिन मोहित उल्वा ने हिम्मत नहीं हारी। दूसरे छोर पर वेंकट ने उनका साथ दिया।
मोहित ने महज 26 गेंदों में 49 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं वेंकट ने आठ गेंदों पर 11 रन का योगदान दिया। मैच की आखिरी गेंद पर मोहित ने चौका जड़कर भारत को यादगार जीत दिला दी। मोहित को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले पाकिस्तान की बल्लेबाजी में उस्मान खान ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 111 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे। अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों में 80 रन की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और आठ छक्के लगाए। वहीं फरहान यूसुफ ने 60 गेंदों में 63 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्यवीर सहवाग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। भारत की इस जीत ने फाइनल को यादगार बना दिया।
