हल्द्वानी में शुरू हुई खेल विश्वविद्यालय की पढ़ाई, जानिए कौन-कौन से कोर्स हुए शुरू
Sports University | Haldwani | Uttarakhand : उत्तराखंड के पहले और देश के 11वें खेल विश्वविद्यालय में पढ़ाई शुरू हो गई है। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में फिलहाल विश्वविद्यालय का संचालन अस्थायी रूप से किया जा रहा है। यहां दो ग्रेजुएशन कोर्स के साथ आठ खेलों में डिप्लोमा कोर्स शुरू किए गए हैं।
विश्वविद्यालय में बैचलर इन स्पोर्ट्स साइंस और बैचलर इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की पढ़ाई कराई जा रही है। इसके साथ ही आठ खेलों में स्पोर्ट्स कोचिंग के डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किए गए हैं।
इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों के लिए खेल क्षेत्र में करियर के कई रास्ते खुलेंगे। पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र स्पोर्ट्स साIइंटिस्ट, स्पोर्ट्स न्यूट्रिनिस्ट, एथलेटिक ट्रेनर, स्पोर्ट्स लैब टेक्निशियन और स्पोर्ट्स मैनेजर जैसे क्षेत्रों में करियर बना सकेंगे। इसके अलावा कोच, फिटनेस ट्रेनर और पर्सनल ट्रेनर के तौर पर भी काम करने के अवसर मिलेंगे। विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों से करीब 45 अलग-अलग क्षेत्रों में करियर के विकल्प मिलने की बात कही गई है।
खेल विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर के लिए खेल विभाग को स्टेडियम के पास 12.317 हेक्टेयर भूमि मिल चुकी है। फिलहाल विश्वविद्यालय का संचालन गौलापार के खेल परिसर से किया जा रहा है।
स्थायी परिसर के निर्माण पर करीब 44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पेयजल निगम की ओर से यहां 100-100 बेड के बालक और बालिका छात्रावास के साथ एडमिन ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।
विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां एथलेटिक्स ट्रैक के अलावा वॉलीबाल और हैंडबाल समेत अन्य खेलों के मैदान बनाए जाने हैं।
खेल शिक्षा के साथ प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे उत्तराखंड के युवाओं को खेल के क्षेत्र में पढ़ाई और करियर के लिए एक नया विकल्प मिलेगा।