उत्तराखंड: अब एक क्लिक पर मिलेंगी नगर निकाय की 18 सेवाएं, घर बैठे निपटेंगे सारे काम

देहरादून: उत्तराखंड के नगर निकायों में नागरिकों को अब लंबी कतारों और फाइलों के चक्कर से राहत मिलने जा रही है। जल्द ही प्रदेश के सभी नगर निकायों में 18 नागरिक सेवाएं पूरी तरह डिजिटल हो जाएंगी। घर बैठे ही आप पानी का टैंकर मंगा सकेंगे…पालतू कुत्तों का पंजीकरण करा सकेंगे और फायर एनओसी जैसी अहम सेवाएं भी महज एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी। इसके लिए शहरी विकास विभाग द्वारा तैयार म्युनिसिपल शेयर्ड सर्विस सेंटर (MSSC) प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार से हरी झंडी मिल गई है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत उत्तराखंड को 22.8 करोड़ रुपये की धनराशि भी मंजूर हुई है। यह योजना राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (NUDM) के तहत चलाई जा रही है और गौर करने वाली बात यह है कि देशभर के केवल 10 राज्यों को इस प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है…जिनमें उत्तराखंड भी एक है।

क्या है MSSC प्रोजेक्ट?

आईटीडीए (सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी) के सहयोग से तैयार इस प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के सभी नगर निकायों के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। इसके ज़रिए आम नागरिकों को कई सेवाएं मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही नगर निकायों में IT इन्फ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जाएगा और कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इस योजना के तहत देहरादून, ऋषिकेश, हल्द्वानी और रुद्रपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर आधुनिक नगर सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां एक ही छत के नीचे सभी डिजिटल सेवाएं आम लोगों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

ये 18 सेवाएं होंगी डिजिटल…

प्रॉपर्टी टैक्स का आकलन और भुगतान

विविध शुल्क संग्रहण

पानी व सीवरेज कनेक्शन प्रबंधन

ट्रेड लाइसेंस और उसका भुगतान

जन शिकायत निवारण प्रणाली

फायर एनओसी जारी करना

वित्त और लेखा प्रबंधन मॉड्यूल

सेप्टिक टैंक और स्लज प्रबंधन

पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन

ई-वेस्ट मैनेजमेंट

कम्युनिटी हॉल बुकिंग

नगर परिसंपत्तियों का प्रबंधन

रेहड़ी-ठेली वालों का रिकॉर्ड और प्रबंधन

विज्ञापन और होर्डिंग परमिशन

निर्माण और ध्वस्तीकरण कचरा प्रबंधन

पेयजल टैंकर/मोबाइल टॉयलेट जैसी नागरिक सेवाएं

नगर सेवा केंद्र सेवाएं

जीआईएस आधारित सेवाएं

पहले से संचालित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल को भी इस सिस्टम में जोड़ा जाएगा।

शहरी विकास एवं आईटी सचिव नितेश झा ने कहा कि यह एक बेहद महत्वपूर्ण पहल है। MSSC प्रोजेक्ट से ना सिर्फ नगर निकायों की कार्यक्षमता बढ़ेगी…बल्कि नागरिकों को पारदर्शी, तेज और सरल सेवाएं मिलेंगी। ITDA की मदद से एकीकृत मंच तैयार किया जा रहा है…जिससे सभी सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी।