धामी सरकार का मदरसों पर बड़ा फैसला, शुक्रवार की जगह रविवार को होगी छुट्टी
Uttarakhand Madrasas | Sunday Holiday | Minority Education Authority : उत्तराखंड में मान्यता प्राप्त मदरसों के लिए छुट्टी के नियमों में बदलाव किया गया है। अब शुक्रवार के बजाय रविवार को साप्ताहिक अवकाश रखना होगा। राज्य सरकार का कहना है कि शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त इन संस्थानों को दूसरे स्कूलों की तरह निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने स्पष्ट किया है कि पंजीकृत मदरसों को अब स्कूल के रूप में मान्यता दी गई है। ऐसे में उन्हें शिक्षा विभाग और प्राधिकरण के नियमों के तहत ही संचालन करना होगा।
डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि पंजीकृत मदरसे अब स्कूल बन चुके हैं। इसलिए वहां शुक्रवार के बजाय रविवार को छुट्टी रहेगी। सरकार का जोर अल्पसंख्यक समुदाय के शिक्षण संस्थानों में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने पर है।
राज्य में मदरसा बोर्ड की जगह उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। इसके दायरे में मुस्लिम समुदाय के साथ सिख, जैन, बौद्ध और पारसी समुदायों के शिक्षण संस्थान भी आते हैं।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड में पहले मदरसा बोर्ड के तहत 452 मदरसे मान्यता प्राप्त थे। इनमें से दोबारा आवेदन करने वाले 76 मदरसों को प्राधिकरण ने स्कूल के रूप में मान्यता दी है। शिक्षा विभाग के पास 114 मदरसों के आवेदन अभी लंबित हैं।
जिलावार आंकड़ों के मुताबिक देहरादून में 41 में से 6, हरिद्वार में 270 में से 44, नैनीताल में 18 में से 2 और ऊधम सिंह नगर में 119 में से 24 मदरसों को मान्यता मिल चुकी है।
अल्पसंख्यक शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि सरकार पहले चरण में 250 अवैध मदरसों को सील कर चुकी है। उनके मुताबिक ये संस्थान मदरसा बोर्ड में भी पंजीकृत नहीं थे। इनमें दूसरे राज्यों से बच्चों को लाकर पढ़ाए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
प्राधिकरण का कहना है कि शिक्षा विभाग और संबंधित प्राधिकरण की अनुमति के बिना ऐसे संस्थान संचालित नहीं किए जा सकते। नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार ऐसी शिक्षा व्यवस्था चाहती है…जिसमें सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो संस्थान निर्धारित नियमों का पालन नहीं करेंगे….उन्हें प्रदेश में संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शुक्रवार की छुट्टी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मदरसों को शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त स्कूलों के रूप में संचालित किया जा रहा है….तो उन पर भी दूसरे स्कूलों की तरह समान नियम लागू होंगे।