उत्तराखंड के तीन NCC कैडेटों ने 5,200 मीटर ऊंची जगतसुख चोटी फतह कर बढ़ाया प्रदेश का मान

NCC | Mountaineering | Uttarakhand : राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अखिल भारतीय बालक एवं बालिका पर्वतारोहण अभियान में उत्तराखंड निदेशालय के तीन कैडेटों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट पर्वतारोहण कौशल का परिचय देते हुए इन कैडेटों ने सफलतापूर्वक जगतसुख चोटी पर तिरंगा फहराया।

यह अभियान 4 जून को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता द्वारा रवाना किया गया था। इसमें देशभर से चयनित एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया। उत्तराखंड के कैडेटों ने चुनौतीपूर्ण मौसम और दुर्गम रास्तों के बीच अपनी क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

18 जून को सुबह टेंटा बेस कैंप से चढ़ाई शुरू करने के बाद दल ने कठिन मार्गों को पार करते हुए समुद्र तल से करीब 5,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित जगतसुख चोटी पर सफल शिखरारोहण किया। इस उपलब्धि ने उत्तराखंड एनसीसी के प्रशिक्षण, अनुशासन और टीम भावना को नई पहचान दिलाई।

इस अभियान में 11 यूके बटालियन एनसीसी, दून विश्वविद्यालय की कैडेट सायशा पंवार, 84 यूके बटालियन की कैडेट नैना देवी तथा वन यूके एयर स्क्वाड्रन, देहरादून के एसयूओ हिमांशु सिंह ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया।

कैडेटों की इस सफलता पर उत्तराखंड एनसीसी निदेशालय और संबंधित इकाइयों में खुशी का माहौल है। अधिकारियों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे अधिक से अधिक युवा साहसिक खेलों और पर्वतारोहण की ओर प्रेरित होंगे।

You may have missed