जेनी के बेटे के पिता को लेकर हरक सिंह का बड़ा दावा, बबलू का नाम लेकर कही ये बात

0
Jenny-Case-1

Jenny Case | Harak Singh Rawat | Uttarakhand Politics : उत्तराखंड का चर्चित जेनी प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब 23 साल पुराने इस मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने नया बयान देकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। इस बार उन्होंने जेनी के बेटे के पिता को लेकर बबलू नाम के एक व्यक्ति का जिक्र किया है। हरक सिंह का दावा है कि बच्चे के जन्म से जुड़े पुराने अस्पताल रिकॉर्ड में पिता के नाम की जगह बबलू लिखा हुआ है।

मीडिया से बातचीत के दौरान हरक सिंह रावत ने कहा कि दून अस्पताल के पुराने दस्तावेजों में बच्चे के पिता का नाम बबलू दर्ज है। उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति बरेली का रहने वाला था। हरक सिंह के दावे के मुताबिक जेनी देहरादून आने से पहले करीब तीन महीने तक बबलू के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी। बाद में वह युवक उसे दिल्ली बस अड्डे पर छोड़कर चला गया था।

दरअसल 7 नवंबर को जेनी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोप लगाए थे। जेनी का कहना है कि उनके 23 वर्षीय बेटे के पिता हरक सिंह रावत हैं। इसी दावे की सच्चाई सामने लाने के लिए वह डीएनए जांच कराने की मांग कर रही हैं।

दूसरी ओर हरक सिंह रावत इन आरोपों को लगातार नकार रहे हैं। उनका कहना है कि इस मामले में पहले भी जांच हो चुकी है और पुराने अस्पताल रिकॉर्ड के साथ सीबीआई की डीएनए जांच का हवाला भी दिया जा चुका है।

जेनी प्रकरण को लेकर हरक सिंह रावत ने भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने सीबीआई की पुरानी जांच पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर कहा कि यदि भाजपा को जांच पर संदेह है तो उसे यह भी बताना चाहिए कि क्या वह अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री रहते हुए सीबीआई की ओर से की गई जांच को गलत मानती है।

करीब दो दशक से अधिक पुराने इस प्रकरण में अब एक बार फिर आरोपों और जवाबी दावों का दौर शुरू हो गया है। जेनी डीएनए जांच की मांग पर कायम हैं…जबकि हरक सिंह रावत पुराने दस्तावेजों और जांच का हवाला दे रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच सामने आ रहे इन बयानों ने उत्तराखंड की सियासत में इस मामले को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *