उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: गूलर में बस खाई में गिरी, 9 यात्रियों की गई जान…26 घायल
Tehri Accident | Uttarakhand News | Bus Accident : उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गूलर के पास यात्रियों से भरी बस अचानक सड़क से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि नौ यात्रियों की जान चली गई…जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगाई गईं।
बताया जा रहा है कि बस हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे गूलर बाजार के नजदीक चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसके बाद बस गूलर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद की।
कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला और एसडीआरएफ मुख्यालय से भी अतिरिक्त बचाव दल बुलाए गए।
बस गहरी खाई में होने और रास्ता कठिन होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जवानों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी 26 घायलों को स्ट्रेचर के सहारे सड़क तक लाया गया…जहां से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे में सात यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य यात्रियों की एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या नौ पहुंच गई है।
सड़क का तीखा मोड़ बना हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में सड़क का तीव्र ढलान वाला मोड़ दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा ने बताया कि इस स्थान पर लगा क्रैश बैरियर भी बस को नीचे गिरने से नहीं रोक पाया। जांच के दौरान बस के टैक्स की वैधता भी समाप्त मिलने की जानकारी सामने आई है। बस का टैक्स 31 अक्टूबर को एक्सपायर हो चुका था।
आईजी ने संभाली स्थिति, जांच के आदेश
गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप और एसएसपी श्वेता चौबे ने घटनास्थल का जायजा लिया। एसएसपी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी भी ली।
आईजी ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस और मेडिकल स्टाफ उपचार में जुटे हैं। हादसे से जुड़ी जानकारी और कार्रवाई की निगरानी के लिए सीओ स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।
मृतकों में चालक और परिचालक भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वाले नौ लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह (48) और परिचालक अनुज भंडारी (27) भी शामिल हैं। इनके अलावा विक्की (37), राजरॉय (56), पुन्नू (55), सुशील प्रताप सिलोडी (55), दीपक गुप्ता (55), विकास गुप्ता और रोहित कश्यप (35) की भी मौत हुई है।
मृतक उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के निवासी थे।
घायलों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन जारी
प्रशासन ने हादसे के बाद परिजनों की सहायता और घायलों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
एम्स ऋषिकेश ट्रॉमा एंड डिजास्टर हेल्पलाइन:
1800-180-4278
व्हाट्सएप नंबर: 9084670331
टिहरी जिला आपदा कंट्रोल रूम:
01376-234793
01376-233433
9456533332
8126268098
7465809009
7983340807
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि हादसे से जुड़ी जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क करें।
