उत्तराखंड में बढ़ेंगी MBBS की 100 सरकारी सीटें, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज पर आया बड़ा अपडेट

0
Rudrapur-Medical-College-

MBBS Admission | Rudrapur Medical College | Uttarakhand : एमबीबीएस में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र से 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले की अनुमति मिलने की उम्मीद है। कॉलेज की ओर से केंद्र सरकार के सामने की गई दूसरी अपील के बाद सकारात्मक संकेत मिले हैं। अब कॉलेज को एलओपी यानी लेटर ऑफ परमिशन का इंतजार है।

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिलती है तो उत्तराखंड में सरकारी एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 बढ़ जाएगी। फिलहाल प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 675 सीटें हैं। अनुमति मिलने के बाद यह संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी। इनमें 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे से भरी जाएंगी।

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज ने 2026-27 सत्र में 100 सीटों के साथ एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग यानी एनएमसी में आवेदन किया था। मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने आवेदन को मंजूरी नहीं दी थी।

बोर्ड ने 100 सीटों के हिसाब से जरूरी बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को पर्याप्त नहीं माना था। इसके बाद कॉलेज ने एनएमसी में पहली अपील की….लेकिन वहां भी पहले का फैसला बरकरार रहा। इसके बाद कॉलेज की ओर से केंद्र सरकार के सामने दूसरी अपील दाखिल की गई।

दूसरी अपील के बाद कॉलेज में व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर काम किया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर किया गया। इनमें फैकल्टी से जुड़ी कमियां भी शामिल थीं।

चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि कॉलेज में जरूरी कमियां दूर कर ली गई हैं। केंद्र सरकार का रुख भी सकारात्मक है और उम्मीद है कि इसी सत्र में मान्यता मिल जाएगी।

अगर रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को अनुमति मिलती है तो पिथौरागढ़ के बाद यह उत्तराखंड का एक और नया सरकारी मेडिकल कॉलेज होगा…जहां इसी सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *