शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट, इस साल इतने लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

0
kedarnath-yamunotri-dham-doors-closed

Kedarnath Dham | Yamunotri Dham | Char Dham Yatra : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह केदारनाथ धाम के कपाट 8:30 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट 10:28 बजे विधि-विधान के साथ बंद हुए। इसके साथ ही दोनों धामों में इस साल की नियमित दर्शन यात्रा का समापन हो गया।

केदारनाथ धाम में कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली को मंदिर परिसर से बाहर लाया गया। इस दौरान गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने सैन्य बैंड की मधुर धुनें बजाईं। सेना के बैंड की धुनों और बाबा के जयकारों के बीच उत्सव डोली धाम से रवाना हुई। माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने बाबा केदार को भावपूर्ण विदाई दी।

वहीं यमुनोत्री धाम में भी सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस दौरान सोमेश्वर देवता की डोली भी धाम में मौजूद रही। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली सोमेश्वर देवता की अगुवाई में खरसाली स्थित शीतकालीन गद्दीस्थल खुशीमठ के लिए रवाना हुई। यमुनोत्री धाम से खुशीमठ की दूरी करीब पांच किलोमीटर है। डोली के दोपहर एक बजे तक खुशीमठ पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था।

इस साल केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है। मंगलवार शाम तक केदारनाथ में 19 लाख 13 हजार और यमुनोत्री में 8 लाख 84 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इस तरह दोनों धामों में कुल 27 लाख 97 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा केदार और मां यमुना के दर्शन किए।

पिछले साल की तुलना में केदारनाथ में 1.45 लाख और यमुनोत्री में 2.40 लाख अधिक श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, 10 नवंबर तक इस साल की चारधाम यात्रा में कुल 64.41 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे।

कपाट बंद होने के बाद भी दोनों धामों की पूजा-अर्चना जारी रहेगी। बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली तीन दिन की यात्रा पूरी करने के बाद ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। वहीं मां यमुना की उत्सव डोली सोमेश्वर देवता के साथ खरसाली स्थित खुशीमठ पहुंचेगी।

अब अगले छह महीने तक श्रद्धालु इन दोनों शीतकालीन गद्दीस्थलों पर बाबा केदार और मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *