सावधान: अधिकारी तो दूर, अब जज भी निशाने पर! जिला जज की फोटो से बनाया फर्जी WhatsApp
Cyber Fraud | Haridwar News | Fake WhatsApp : साइबर ठगी करने वाले अब लोगों को भरोसे में लेने के लिए बड़े अधिकारियों और न्यायिक अधिकारियों के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर रहे हैं। हरिद्वार में जिला जज की फोटो लगाकर फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाने और उसके जरिए लोगों से पैसों की मांग करने का मामला सामने आया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला न्यायालय प्रशासन ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर सिडकुल कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला जज की फोटो से बनाया फर्जी अकाउंट
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार अपर जिला जज, लक्सर की ओर से कुछ WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट उपलब्ध कराए गए थे। इन चैट में जिस WhatsApp अकाउंट से लोगों को संदेश भेजे जा रहे थे….उसमें जिला जज की फोटो लगी हुई थी।
चैट के जरिए लोगों से पैसों की मांग की जा रही थी। जांच में पता चला कि इस्तेमाल किया जा रहा WhatsApp नंबर **जिला जज का नहीं है। जिला जज की ओर से भी किसी व्यक्ति को इस तरह के संदेश भेजने की पुष्टि नहीं हुई।
कोर्ट प्रशासन ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला न्यायालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस को फर्जी WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट और अन्य जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
शिकायत के आधार पर सिडकुल कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डिजिटल सबूतों से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए WhatsApp नंबर, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फर्जी अकाउंट के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।
सिडकुल कोतवाली प्रभारी अजय शाह ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी अधिकारियों के नाम से हो चुकी है ठगी की कोशिश
साइबर अपराधियों द्वारा अधिकारियों और प्रतिष्ठित लोगों की फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। हरिद्वार में इससे पहले पूर्व एसएसपी के नाम और फोटो से फर्जी Facebook अकाउंट बनाए जाने और लोगों से पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया था।
जिला जज की फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी WhatsApp अकाउंट से पैसे मांगने का ताजा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने भी लोगों से ऐसे संदेशों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। किसी अधिकारी या परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला संदेश आए तो बिना पुष्टि किए रकम भेजने से बचना चाहिए।