उत्तराखंड को मिली पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी में सीएम धामी ने किया शुभारंभ

0
UttarakhandSportsUniversity

Sports University | Haldwani | Uttarakhand : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के मौके पर उत्तराखंड को अपनी पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मिल गई है। शनिवार 29 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या और सांसद अजय भट्ट समेत कई लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वविद्यालय के शुभारंभ के साथ ही पहले चरण के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय राज्य के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को किया याद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सफलता के लिए प्रतिभा के साथ मेहनत और अनुशासन को भी महत्व देना चाहिए।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय शुरू होने से उत्तराखंड के युवाओं को खेलों की उच्चस्तरीय सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यहां खिलाड़ियों को कोचिंग, आधुनिक खेल ढांचा और खेल विज्ञान से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

उन्होंने खिलाड़ियों से मैदान में उतरकर पूरी मेहनत करने की अपील की। साथ ही कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के रास्ते में आर्थिक परेशानी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया अपना सपना पूरा

खेल मंत्री रेखा आर्या ने खेल विश्वविद्यालय की शुरुआत को उत्तराखंड के खेल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक सुविधाओं से लैस खेल विश्वविद्यालय की स्थापना लंबे समय से उनका सपना था…जो अब जमीन पर साकार हो गया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय से राज्य की नई खेल प्रतिभाओं को बेहतर कोचिंग और प्रशिक्षण मिलेगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।

खिलाड़ियों को पुरस्कार और छात्रवृत्ति

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को कई तरह की सुविधाएं और सम्मान दिए गए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया गया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी गई। वर्ष 2024-25 के देवभूमि खेल रत्न और देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

32 हेक्टेयर में तैयार हो रहा खेल विश्वविद्यालय

उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय हल्द्वानी के गौलापार में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पास बनाया गया है। विश्वविद्यालय परिसर के लिए करीब 32 हेक्टेयर भूमि निर्धारित है। इसके पहले चरण के निर्माण के लिए सरकार ने 43.50 करोड़ रुपये का बजट तय किया है।

विश्वविद्यालय में आने वाले समय में हॉस्टल समेत अन्य जरूरी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। इसके संचालन के लिए कुलपति सहित 94 नियमित पदों को मंजूरी दी गई है।

साउंड सिस्टम को लेकर सीएम ने मंच से पूछ लिया सवाल

कार्यक्रम के दौरान साउंड सिस्टम की आवाज को लेकर भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से सवाल किया। माइक की आवाज में परेशानी आने पर उन्होंने विशेष प्रमुख सचिव खेल से पूछा कि इसे कब तक ठीक किया जाएगा। अधिकारी ने अगले कार्यक्रम तक साउंड सिस्टम को दुरुस्त करने का भरोसा दिया।

उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र भी 29 अगस्त यानी राष्ट्रीय खेल दिवस से शुरू हो गया है। सरकार को उम्मीद है कि यह संस्थान आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *