हल्द्वानी: पूर्व सैनिक के थैले में थे 50 हजार, ATM में पासबुक अपडेट कराते ही गायब हुई पूरी रकम; CCTV में कैद महिलाएं

0
ATMTheft

Haldwani ATM | Ex-Serviceman | 50 Thousand Theft : नैनीताल रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा के ATM परिसर में पूर्व सैनिक से 50 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पासबुक अपडेट कराने पहुंचे पूर्व सैनिक के प्लास्टिक के थैले को नीचे से काटकर उसमें रखी नकदी चोरी किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार चांदनी चौक धुड़दौड़ा, मानपुर पश्चिम निवासी पूर्व सैनिक बहादुर सिंह 14 सितंबर को पेंशन की रकम निकालने SBI की मुख्य शाखा पहुंचे थे। बैंक से 50 हजार रुपये निकालने के बाद उन्होंने रकम प्लास्टिक के थैले में रख ली।

इसके बाद वह पासबुक अपडेट कराने के लिए बैंक परिसर में बने ATM में गए। इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। पूर्व सैनिक के मुताबिक इनमें से एक महिला काफी करीब खड़ी थी। उन्होंने महिला को थोड़ा दूर हटने के लिए भी कहा।

पासबुक अपडेट कराने के बाद जब बहादुर सिंह ने अपना थैला देखा तो वह नीचे से कटा हुआ था। थैले में रखे 50 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत हल्द्वानी कोतवाली पुलिस से की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बैंक और ATM परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं पूर्व सैनिक के आसपास दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने कहा कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed