हल्द्वानी: कार पर भारत सरकार का बोर्ड, खुद को बताया IB अधिकारी; तलाशी हुई तो खुल गया राज

0
Fake-IB-Officer

Haldwani Crime | Fake IB Officer | Tikonia Police : हल्द्वानी: तिकोनिया में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक खुद को खुफिया ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमा रहा था। उसकी कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा हुआ था। तलाशी के दौरान पुलिस को कार से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, फर्जी पहचान पत्र और खुफिया ब्यूरो से जुड़े कागजात मिले।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान 24 वर्षीय मोहासिब खान पुत्र मोहम्मद अयूब खान निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर की रात उपनिरीक्षक कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। रात करीब 11:30 बजे तिकोनिया में काठगोदाम की ओर से एक कार आती दिखाई दी। कार का नंबर यूपी 25 सीएस 9327 था। पुलिस ने कार को रोककर चालक से पूछताछ शुरू की।

युवक ने खुद को खुफिया ब्यूरो का अधिकारी बताया और पहचान पत्र दिखाया। जब पुलिस ने उसके पद और पहचान के संबंध में अधिक जानकारी मांगी तो वह घबरा गया। इसके बाद पुलिस को उस पर शक हुआ और कार की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। इसके अलावा कार से खुफिया ब्यूरो से संबंधित कुछ कागजात और पहचान पत्र भी मिले। पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एयरगन रौब दिखाने के लिए अपने पास रखता था।

पुलिस का कहना है कि युवक के पास मिले पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज फर्जी थे। आरोप है कि इन कागजात के जरिए वह खुद को खुफिया ब्यूरो का जवान बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था।

रात करीब 12:30 बजे पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद एयरगन, पहचान पत्र और खुफिया ब्यूरो से संबंधित कागजात को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया। वाहन के कागजात मांगने पर युवक उन्हें भी पुलिस के सामने पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 168, 318(3), 319(2) और 336(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज कहां से तैयार कराए गए थे। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने इन फर्जी कागजात का इस्तेमाल पहले कहीं और किया था या नहीं।

कार को सरकारी वाहन जैसा दिखाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार युवक ने अपनी कार को इस तरह तैयार किया था कि वह पहली नजर में किसी सरकारी अधिकारी की गाड़ी जैसी लगे। कार पर भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगी थी। इसी के आधार पर वह खुद को खुफिया ब्यूरो का अधिकारी बताकर पहचान पत्र दिखा रहा था।

फर्जी कागजात की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बरामद दस्तावेजों को सुरक्षित कब्जे में लिया है। फर्जी पहचान पत्र और खुफिया ब्यूरो से संबंधित कागजात को लाल रंग की फाइल में रखकर सफेद कपड़े में सील किया गया है। अब पुलिस दस्तावेज तैयार कराने के स्रोत और उनके संभावित इस्तेमाल की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *