उत्तराखंड: पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ के आरोप से मचा हंगामा, लक्खीबाग चौकी के बाहर प्रदर्शन के बाद सड़क जाम

0
PoliceConstable

Dehradun Police | Harassment Complaint | Bajrang Dal : राजधानी देहरादून में एक युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोप एक पुलिसकर्मी पर लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।

आरोप है कि युवती ने पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत की थी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शिकायत के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए लक्खीबाग चौकी के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ता सहारनपुर रोड पर बैठ गए और सड़क जाम कर दी।

प्रदर्शन के चलते सहारनपुर रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसका असर घंटाघर से धर्मपुर चौक तक यातायात पर पड़ा। जाम में स्कूली बच्चों के साथ आम लोग और मरीज भी फंसे रहे।

स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी स्वप्निल मुवाल ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की और मामले की जांच का भरोसा दिया। कार्यकर्ता आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब डेढ़ घंटे में प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात बहाल किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि अगर शाम तक कार्रवाई नहीं हुई तो घंटाघर पर फिर जाम लगाया जाएगा।

इसी बीच पुलिस विभाग ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। अब मामले में विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

सीओ सिटी स्वप्निल मुवाल ने बताया कि एक महिला ने पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed