सीएम धामी से मिले अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता, उत्तराखंड में होगी हॉलीवुड की बड़ी फिल्म की शूटिंग

0
CM-Dhami-Meets-Film-Producer-Alexandra-Derbyshire

TheBeatles | SamMendes | Cm Dhami | Uttarakhand : उत्तराखंड में जल्द ही एक बड़े अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रोजेक्ट की शूटिंग हो सकती है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश म्यूजिक बैंड द बीटल्स पर आधारित फिल्म श्रृंखला की शूटिंग ऋषिकेश के ऐतिहासिक बीटल्स आश्रम में प्रस्तावित है। इस संबंध में रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्लोवर नाम की इस फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित चौरासी कुटिया यानी बीटल्स आश्रम में करने की योजना है। इस परियोजना के निर्देशन की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस संभाल रहे हैं।

इस परियोजना के तहत ब्रिटिश बैंड द बीटल्स के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत के सफर पर आधारित अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट नाम की इस श्रृंखला को सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस, एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बना रहा है।

इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

ऋषिकेश में शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और करीब 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इनके साथ स्थानीय तकनीशियनों और दूसरे सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी।

भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कामों का समन्वय ऑन द रोड इंडिया कर रहा है। शूटिंग होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ होटल, परिवहन और अन्य कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और अलग-अलग तरह की लोकेशन फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करती हैं। राज्य सरकार फिल्म नीति-2024 के तहत निर्माताओं को जरूरी सुविधाएं दे रही है…ताकि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की पहचान दुनिया भर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में है। द बीटल्स का भी इस शहर से पुराना जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्रिटिश फिल्म निर्माता और बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *