आपके पास भी है आयुष्मान कार्ड? 112 बीमारियों को लेकर सरकार की नई तैयारी, जानिए क्या बदलेगा

0
Ayushman-Card-

Ayushman Card | Health News | Uttarakhand News : अगर आपके पास आयुष्मान कार्ड है और आप निजी अस्पताल में मुफ्त इलाज कराने की सुविधा लेते हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा बदलाव करने की तैयारी चल रही है। इसके तहत 112 तरह के इलाज और ऑपरेशन के पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित किए जा सकते हैं। ऐसा होने पर संबंधित बीमारियों का इलाज निजी अस्पतालों के बजाय सरकारी अस्पतालों में कराना पड़ सकता है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने इस संबंध में सभी राज्यों के स्वास्थ्य प्राधिकरणों को निर्देश भेजे हैं। फिलहाल 23 उपचार पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित हैं। अब 89 नए पैकेज भी इस सूची में शामिल करने की तैयारी है। प्रस्तावित व्यवस्था को 1 दिसंबर 2026 से लागू करने की योजना है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से भेजे गए पत्र में राज्यों को नए पैकेजों को ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (TMS) में शामिल करने के लिए कहा गया है। इसका मकसद देशभर में सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित इलाज की व्यवस्था को एक समान बनाना है।

हालांकि, इस मामले में राज्यों को अपने स्तर पर फैसला लेने की छूट भी दी गई है। यानी राज्य चाहें तो इन पैकेजों को निजी अस्पतालों से हटाने का निर्णय ले सकते हैं।

प्रस्तावित सूची में कई गंभीर बीमारियों के साथ सामान्य ऑपरेशन और उपचार भी शामिल हैं। इनमें स्त्री रोग, हड्डी रोग, मानसिक स्वास्थ्य, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, आंख और कान-नाक-गला से जुड़ी बीमारियां शामिल हैं।

इनमें प्रमुख रूप से हाई रिस्क डिलीवरी, मोतियाबिंद का ऑपरेशन, बच्चेदानी का ऑपरेशन, फ्रैक्चर, फिस्टुला, सिस्ट, हेपेटाइटिस, मलेरिया, चिकनगुनिया, गंभीर एनीमिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े उपचार शामिल हैं।

इस बदलाव के पीछे सरकारी अस्पतालों को मजबूत करना और निजी अस्पतालों पर होने वाले खर्च को कम करना मुख्य उद्देश्य बताया जा रहा है। हालांकि इसके लिए सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, ऑपरेशन थिएटर और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता देखना भी जरूरी है।

उत्तराखंड राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने इस दिशा में अस्पतालों और विशेषज्ञ डॉक्टरों से बातचीत शुरू कर दी है। अस्पतालों से यह जानकारी मांगी गई है कि वे संबंधित पैकेजों के तहत कौन-कौन से इलाज और ऑपरेशन कर रहे हैं।

उत्तराखंड में 350 से ज्यादा सरकारी और निजी अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध हैं। ऐसे में प्रस्तावित बदलाव का असर मरीजों को मिलने वाले इलाज के विकल्पों पर पड़ सकता है।

अब राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से सरकारी अस्पतालों की क्षमता का आकलन किया जा रहा है। इसके बाद राज्य स्तर पर फैसला लिया जाएगा कि किन पैकेजों को निजी अस्पतालों से हटाकर सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित किया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *