उत्तराखंड में शूटिंग के बीच अक्षय कुमार को क्यों छोड़ना पड़ा सेट? जानिए पूरा मामला
Mussoorie News | Akshay Kumar | Bollywood : Uttarakhand: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की मसूरी में शूटिंग के दौरान तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी पीठ में खिंचाव और ठंड के कारण दर्द होने की बात सामने आई। इसके बाद उन्हें देहरादून के राजपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहराया गया…जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। दर्द में कुछ राहत मिलने के बाद अक्षय कुमार फिर मसूरी पहुंच गए हैं और फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है।
अक्षय कुमार की टीम के मुताबिक मसूरी के लाइब्रेरी चौक पर शूटिंग के दौरान अचानक उनकी पीठ में दर्द उठा। इसके बाद शूटिंग रोकनी पड़ी। वह मंगलवार को दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए कार से उत्तराखंड पहुंचे थे। उन्हें यहां दो दिन तक शूटिंग करनी थी….लेकिन बुधवार सुबह तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह शूटिंग के लिए नहीं पहुंच सके।
फिलहाल अक्षय कुमार मसूरी के होटल सवॉय में ठहरे हुए हैं। दर्द में राहत मिलने के बाद उन्होंने दोबारा शूटिंग शुरू कर दी है। हालांकि दर्द बढ़ने की स्थिति में उनके दिल्ली लौटने की संभावना भी जताई गई है।
फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग के लिए पहुंचे उत्तराखंड
अक्षय कुमार इन दिनों साइंस-फिक्शन सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह हैं…जबकि इसका निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। फिल्म का ब्रिटेन शेड्यूल हाल ही में पूरा हुआ है। इसे साल 2027 में रिलीज करने की योजना है।
पहले भी उत्तराखंड में कर चुके हैं शूटिंग
अक्षय कुमार इससे पहले भी उत्तराखंड में फिल्मों की शूटिंग कर चुके हैं। मई 2023 में वह फिल्म ‘शंकरा’ की शूटिंग के सिलसिले में रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की थी। उन्होंने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की थी।
इससे पहले 18 फरवरी 2022 को अक्षय कुमार फिल्म ‘कठपुतली’ की शूटिंग के लिए मसूरी और देहरादून आए थे। इस दौरान उन्होंने सीमाद्वार स्थित आईटीबीपी परिसर में विश्वस्तरीय वॉलीबॉल ग्राउंड का उद्घाटन किया था और जवानों के साथ सद्भावना मैच भी खेला था। उन्होंने देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान की सराहना की थी।