अखिलेश यादव ने उत्तराखंडियों को कहा घुसपैठिया! सीएम धामी ने दिलाई पिता के कार्यकाल में चली गोलियों की याद
Uttarakhand Politics | CM Pushkar Singh Dhami| Akhilesh Yadav : उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताए जाने के कथित बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव का वीडियो साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी।
सीएम धामी ने कहा कि इस पवित्र धरती ने देश को संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा में समर्पित अनेक व्यक्तित्व दिए हैं। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना प्रदेश के स्वाभिमान और यहां के लोगों के संघर्ष का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में उत्तराखंड राज्य आंदोलन का जिक्र करते हुए मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए हुई रामपुर तिराहा घटना की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर उस समय गोलियां चली थीं। उत्तराखंड के लोग आंदोलन के दौरान हुए संघर्ष और बलिदान को आज भी नहीं भूले हैं।
सीएम धामी ने कहा कि एक ओर उत्तराखंड के आंदोलनकारियों को गोलीबारी का सामना करना पड़ा था….वहीं अब प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के लोगों की भावनाओं से जुड़ा विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उत्तराखंड के लोगों के लिए इस तरह की टिप्पणी उसे स्वीकार है या नहीं।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने इतिहास, संघर्ष और बलिदान को नहीं भूलेगी।
