CM धामी का बड़ा तोहफा! अब टनकपुर से चलेगी लंबी दूरी की सीधी ट्रेन

Tanakpur Express | Hazur Sahib Train | Uttarakhand News : उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद अब टनकपुर से सिखों के पवित्र तीर्थस्थल तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इससे खासकर सिख श्रद्धालुओं और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ 6 जुलाई को टनकपुर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। रविवार को नांदेड़ से रवाना होकर यह ट्रेन अकोला, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, झांसी, आगरा, मथुरा और बरेली जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए मंगलवार सुबह टनकपुर पहुंचेगी। वहीं मंगलवार सुबह टनकपुर से रवाना होकर बुधवार को नांदेड़ पहुंचेगी।

यात्रियों के लिए एक और राहत की बात यह है कि अब इस ट्रेन का खटीमा रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा। ट्रेन सुबह लगभग 9:26 बजे खटीमा पहुंचेगी और कुछ मिनट रुकने के बाद आगे रवाना होगी।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन का नियमित संचालन 14 जुलाई से शुरू होगा। इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के लोगों की यात्रा आसान होगी और हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा रेल संपर्क मिल सकेगा।

You may have missed