उत्तराखंड चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के अलावा 30 दल भी ठोकेंगे ताल, कई सीटों पर बिगड़ेगा गणित
Uttarakhand Election : BJP : Congress : उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबले की चर्चा के बीच इस बार कई छोटे और क्षेत्रीय राजनीतिक दल भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं। राज्य में छह मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों के अलावा 27 पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनीतिक दल भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में कई विधानसभा सीटों पर मुकाबला दिलचस्प होने के साथ ही बड़े दलों के लिए चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है।
छोटे दल भले ही चुनाव में बड़ी जीत दर्ज नहीं कर पाते, लेकिन उनका प्रभाव कुछ सीटों पर काफी अहम हो जाता है। खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों में जहां जीत-हार का अंतर कम रहता है, वहां इन दलों के प्रत्याशी प्रमुख उम्मीदवारों का चुनावी गणित बिगाड़ सकते हैं।
उत्तराखंड में छोटे राजनीतिक दलों की मौजूदगी नई नहीं है। राज्य के पहले विधानसभा चुनाव यानी 2002 में 13 पंजीकृत अमान्यता प्राप्त दल चुनावी मैदान में थे। 2007 के विधानसभा चुनाव तक इनकी संख्या बढ़कर 18 हो गई थी। इसके बाद भी अलग-अलग चुनावों में इनकी संख्या में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
इनमें से कई दल आमतौर पर राजनीतिक गतिविधियों में ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आते….लेकिन चुनाव नजदीक आते ही अपने उम्मीदवारों के साथ मैदान में उतर जाते हैं।
छोटे दलों की सबसे बड़ी ताकत कई बार उनका वोट प्रतिशत बन जाता है। भले ही इनके उम्मीदवारों को कुल मतदान का एक से दो प्रतिशत वोट ही मिले, लेकिन करीबी मुकाबले वाली सीटों पर इतने वोट भी नतीजे को प्रभावित कर सकते हैं।
कई बार इनके चुनाव लड़ने से मुकाबला दो प्रत्याशियों के बीच सीमित नहीं रहता, बल्कि त्रिकोणीय या बहुकोणीय हो जाता है। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस जैसे बड़े दलों को भी ऐसे उम्मीदवारों की मौजूदगी को नजरअंदाज करना आसान नहीं होता।
पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लिए चुनाव में अपनी सक्रियता बनाए रखना भी अहम है। लगातार छह साल तक कोई चुनाव नहीं लड़ने की स्थिति में निर्वाचन आयोग उनके पंजीकरण की समीक्षा कर सकता है और नियमानुसार पंजीकरण रद्द भी किया जा सकता है। यही वजह है कि कई छोटे दल सीमित सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतारते हैं।
राज्य में छह मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दल हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), नेशनल पीपुल्स पार्टी और आम आदमी पार्टी शामिल हैं।
उत्तराखंड में पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सूची में भारत एकता मिशन पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय एकता दल, भारतीय सर्वोदय पार्टी, भारतीय सेवक पार्टी, भारतीय युवा एकता शक्ति पार्टी, जनता कैबिनेट पार्टी, न्यायधर्मसभा, पहाड़ी पार्टी, प्रगतिशील लोक मंच, राज्य स्वराज पार्टी, राष्ट्रीय आदर्श पार्टी, राष्ट्रीय उत्तराखंड पार्टी, सैनिक समाज पार्टी, सर्व विकास पार्टी, उत्तराखंड जनता पार्टी, उत्तराखंड जनएकता पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल, उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक), उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, उत्तराखंड प्रगतिशील पार्टी, उत्तराखंड रक्षा मोर्चा, हिमालय क्रांति पार्टी, देवभूमि उत्तराखंड विकास पार्टी, उत्तराखंड जन समर्थन पार्टी, उत्तराखंड समानता पार्टी, जन निर्माण पार्टी और यूकेडी (डी) के नाम शामिल हैं।
इधर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि करीब 80 साल की उम्र में भी पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें उत्तराखंड और देश के लिए उपयोगी माना जाना उनके लिए बूस्टर डोज जैसा है।
रावत ने अपनी ‘धन्यवाद जनसंवाद यात्रा’ का जिक्र करते हुए बताया कि बीमारी से उबरने के बाद उन्होंने समर्थकों का आभार जताने और ईडी के नोटिस का जवाब देने के उद्देश्य से सड़क मार्ग से यात्रा शुरू की थी। हालांकि, प्रदेश प्रभारी के निर्देश पर इसे स्थगित करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि वह कुमारी शैलजा के स्वागत के लिए बागेश्वर जाएंगे। इसके अलावा 24 नवंबर को अपने गांव में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट में शामिल होने के साथ रैली को भी संबोधित करेंगे।
उत्तराखंड की अगली चुनावी जंग में भाजपा और कांग्रेस के सामने छोटे दलों की चुनौती भी अहम रहने वाली है। अब देखना होगा कि ये दल कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारते हैं और उनका असर बड़े राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरण पर कितना पड़ता है।
