जौलजीबी मेले में बवाल के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, विधायक प्रतिनिधि समेत 4 कांग्रेसी गिरफ्तार
Pithoragarh News | Jauljibi Fair | Congress : जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी के विधायक प्रतिनिधि नृप सिंह गर्बयाल भी शामिल हैं। चारों आरोपियों को डीडीहाट न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक यह मामला 14 नवंबर को मुख्यमंत्री के जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद मंच पर माइक बंद किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी ने उन्हें कार्यक्रम में बोलने का मौका नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद मंच पर नारेबाजी और धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान तोड़फोड़ भी की गई थी।
कोतवाल जौलजीबी हरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस ने राम सिंह रोकाया, नृप सिंह गर्बयाल, सौरव मर्तोलिया और विक्रम दानू को गिरफ्तार किया है। इनमें नृप सिंह गर्बयाल धारचूला विधायक के प्रतिनिधि हैं।
घटना के दौरान मंच पर रखे माइक, कुर्सियों और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचने के आरोप लगे थे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई थी।
घटना के बाद जौलजीबी कोतवाल की तहरीर पर विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें सरकारी काम में बाधा डालने, लोकसेवक के साथ अभद्रता और तोड़फोड़ से जुड़ी धाराएं लगाई गई थीं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सरकार निचले स्तर पर गिर गई है। उनका आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद कानून के हिसाब से कार्रवाई होनी चाहिए थी…लेकिन कार्यकर्ताओं को सुबह पांच बजे गिरफ्तार किया गया।
प्रदीप टम्टा ने कहा कि पुलिस को समझना चाहिए कि वह किसी राजनीतिक पार्टी की गुलाम नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस तरह की गिरफ्तारी से डरने वाली नहीं है।
जौलजीबी का ऐतिहासिक मेला भारत, नेपाल और तिब्बत की व्यापारिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा है। मेले के दौरान हुए विवाद और अब चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद सीमांत क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
