हल्द्वानी में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की तैयारियां शुरू, 17 नवंबर से निकलेंगी प्रभात फेरियां

0
Guru-Nanak-Jayanti

Haldwani | Guru Nanak Jayanti | Prabhat Pheris : सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर हल्द्वानी में धार्मिक आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से इस अवसर पर तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भव्य गुरमत समागम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 17 नवंबर से प्रभात फेरियों के साथ होगी…जबकि मुख्य समागम 24 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा।

प्रकाश पर्व के आयोजनों की जानकारी शनिवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के लंगर हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि प्रकाश पर्व को लेकर चल रहे सहज पाठ साहिब की समाप्ति 14 नवंबर को सुबह 10 बजे हुई। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों का शुभारंभ कर दिया गया है।

17 नवंबर से शुरू होंगी प्रभात फेरियां

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 17 से 22 नवंबर तक छह प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। ये सभी प्रभात फेरियां सुबह 5 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से शुरू होंगी और शहर के अलग-अलग गुरुद्वारों तक पहुंचेंगी।

17 नवंबर को प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब काठगोदाम, 18 नवंबर को गुरुद्वारा गुरु हरिकृष्ण साहिब रामपुर रोड, 19 नवंबर को गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब राजेंद्र नगर, 20 नवंबर को गुरुद्वारा चार साहिबजादे कालाढूंगी रोड और 21 नवंबर को गुरुद्वारा गुरु नानक पुरा पहुंचेगी। 22 नवंबर को प्रभात फेरी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी।

22 नवंबर से अखंड पाठ, 24 को मुख्य समागम

धार्मिक कार्यक्रमों के तहत 22 नवंबर को सुबह 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब शुरू होगा। इसका भोग 24 नवंबर को सुबह 8 बजे डाला जाएगा। वहीं 23 नवंबर को रात 8 से 11 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में महान कीर्तन दरबार सजाया जाएगा।

प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को रामलीला मैदान में होगा। यहां सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक महान दीवान सजाया जाएगा। इसके बाद रात 8 से 11 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में रात्रि समागम होगा।

देशभर के रागी जत्थे करेंगे कीर्तन

समागम में दिल्ली, कैथल और मुक्तसर साहिब समेत विभिन्न स्थानों से पहुंचे रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। इनमें बीबी प्रभलीन कौर, भाई लखविंदर सिंह, भाई गुरप्रीत सिंह, भाई प्रभु सिंह और भाई जगमीत सिंह शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी बरतेगा।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने शहर की संगत और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।

प्रेस वार्ता में मुख्य सेवादार सरदार अमरजीत सिंह आनंद, जनरल सचिव सरदार कंवलजीत सिंह उप्पल, सरदार परमजीत सिंह कोहली, सरदार जसपाल सिंह कोहली, प्रवक्ता सरदार हरजीत सिंह चड्ढा सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed