उत्तराखंड में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 72.78 लाख मतदाता शामिल, 11 दिसंबर तक मौका

0
UttarakhandVoterList

Uttarakhand | Voter List | Election Commission : उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। 12 नवंबर को प्रकाशित इस सूची में प्रदेश के कुल 72 लाख 78 हजार 35 मतदाताओं को शामिल किया गया है। अगर आपकी उम्र 1 जनवरी 2027 तक 18 साल पूरी हो रही है या किसी वजह से आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है…तो आपके पास वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34 लाख 84 हजार 447 महिला, 37 लाख 93 हजार 373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 86 हजार 28 सर्विस वोटर भी दर्ज हैं। इनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद अब प्रदेश में कुल 12,498 मतदान केंद्र हो गए हैं।

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए। वहीं, फार्म-7 के जरिए प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद अब नाम जुड़वाने, हटाने या किसी तरह की गलती में सुधार कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं। ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं…वे भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इसके लिए 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ECI NET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

कहां देख सकते हैं अपना नाम?

मतदाता ड्राफ्ट सूची में अपना नाम निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर देख सकते हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय और अपने बीएलओ से भी सूची की जानकारी ली जा सकती है।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक इनकी सुनवाई और निस्तारण किया जाएगा। प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

अब नई ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *