KBC के मंच पर छाए उत्तराखंड के लोकेंद्र सोनी, अमिताभ बच्चन को दिया खास तोहफा

0
LokendraSoni

KBC | Lokendra Soni | Dehradun News : टीवी के लोकप्रिय शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच पर देहरादून के लोकेंद्र सोनी ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की। पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में पहुंचे लोकेंद्र ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन को पहाड़ी टोपी भेंट की। वह हॉट सीट तक नहीं पहुंच सके….लेकिन मुकाबले में अंतिम दो प्रतिभागियों तक पहुंचना उनके लिए खास अनुभव रहा।

कार्यक्रम का प्रसारण 12 अक्टूबर को रात 9 बजे किया गया। लोकेंद्र देहराखास स्थित टीएचडीसी कॉलोनी के निवासी हैं। उन्होंने केबीसी तक पहुंचने के लिए चयन प्रक्रिया के तीन चरण पार किए। इसमें टेलीफोन, कंप्यूटर आधारित चयन और लखनऊ में आयोजित प्रक्रिया शामिल थी। इसके बाद उनका चयन शीर्ष 10 प्रतिभागियों में हुआ।

लोकेंद्र सोनी ने कहा कि अमिताभ बच्चन पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल को सहज और खुशनुमा बनाए रखते हैं। बातचीत के दौरान अमिताभ ने उनसे मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उन्होंने कभी इश्क किया है।

लोकेंद्र गहरे मेरून रंग की पहाड़ी टोपी पहनकर मंच पर पहुंचे थे। उनकी टोपी देखकर अमिताभ बच्चन खुश हुए और उसे पहनने की इच्छा जताई। इस दौरान लोकेंद्र ने अपने पारंपरिक पहनावे के जरिए उत्तराखंड की संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर सामने रखा।

लोकेंद्र सोनी अपनी पत्नी गीता सोनी के साथ धर्मपुर में पिहू राही स्पीच एंड हियरिंग सेंटर चलाते हैं। गीता दिव्यांग हैं। उनके सेंटर में बोलने और सुनने से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे लोगों को स्पीच थेरेपी सहित जरूरी सेवाएं दी जाती हैं।

केबीसी के सफर में गीता भी लोकेंद्र के साथ रहीं। शो के मंच तक पहुंचकर लोकेंद्र ने न सिर्फ अपने लिए एक यादगार अनुभव हासिल किया….बल्कि उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति को भी लोगों के सामने पेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *