हल्द्वानी में गंदा पानी बना जानलेवा, पीलिया से छात्रा की मौत के बाद हरकत में आया विभाग

0
HaldwaniNews-2

Haldwani News | Contaminated Water | Jaundice Cases : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में नवाबी रोड स्थित दुर्गा कॉलोनी में पीलिया से बीएससी की छात्रा की मौत हो गई। इसी कॉलोनी के लोग करीब एक महीने से गंदा पानी आने की शिकायत कर रहे हैं। छात्रा की मौत और दो अन्य बच्चों के पीलिया से पीड़ित होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

मृतका की पहचान गंगोलीहाट निवासी सुहानी पंत के रूप में हुई है। वह दुर्गा कॉलोनी में अपनी बुआ के साथ रहती थीं और महिला महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। कुछ दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ी थी। निजी लैब में जांच के दौरान पीलिया की पुष्टि हुई। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बरेली के राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां तीन दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी मौत हो गई।

परिवार की रिश्तेदार खष्टी जोशी ने कहा कि घर में लंबे समय से गंदा पानी आ रहा था। उनका कहना है कि इसी वजह से सुहानी की तबीयत बिगड़ी। हालांकि दूषित पानी और छात्रा की मौत के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिजन शव लेकर गंगोलीहाट चले गए हैं।

कॉलोनी में दो और बच्चे पीलिया से पीड़ित

सुहानी की मौत के साथ ही कॉलोनी में दो अन्य बच्चों के पीलिया से पीड़ित होने की जानकारी भी सामने आई है। स्थानीय निवासी राजेश कटारिया के बेटे को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वहीं आशीष रौतेला को अपने बेटे का इलाज कराने के लिए दिल्ली जाना पड़ा।

मामले की जानकारी मिलने पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली, सहायक अभियंता रविंद्र कुमार और कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा समेत विभागीय टीम कॉलोनी पहुंची। अधिकारियों ने पानी के नमूने लिए और पेयजल आपूर्ति रोक दी।

स्वास्थ्य विभाग ने 31 लोगों की जांच की

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी ब्लॉक डॉ. ममता सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कॉलोनी में घर-घर जाकर सर्वे किया। इस दौरान 31 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।

टीम ने पेयजल के नमूने लेकर क्लोरीनेशन की जांच भी की। विभाग के मुताबिक इस जांच में सभी नमूने सही पाए गए। वहीं, पानी के तीन नमूने विस्तृत जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद पानी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

एक महीने से गंदा पानी आने की शिकायत

दुर्गा कॉलोनी में करीब 120 लोग रहते हैं। यहां सुबह नलकूप और शाम को गौला की लाइन से पानी की आपूर्ति होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह नलकूप से पानी आने पर शुरुआती 10 से 15 मिनट तक गंदा पानी आता है। कई परिवार पानी उबालकर पी रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बीमारी फैलने का डर सता रहा है।

स्थानीय निवासी राजेश कटारिया ने बताया कि उनके बेटे को 3 अक्टूबर को पीलिया हुआ था….जिसके बाद उसे बेस अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बीएस बिष्ट और गंगा पांडे ने भी पानी से बदबू आने और उसकी गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई। पार्षद राजेंद्र जीना ने कहा कि कॉलोनी में गंदे पानी की शिकायत संबंधित विभागों से की गई थी।

जल संस्थान ने क्या कहा?

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली ने कहा कि बुधवार रात शिकायत मिली थी। इसके बाद गुरुवार को मौके का निरीक्षण किया गया। उनके मुताबिक मौके पर भौतिक जांच में पानी में संदूषण नहीं मिला। बैक्टीरिया की जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं।

शिकायत के लिए इस नंबर पर करें संपर्क

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने कहा कि क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के साथ डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित रोगों की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी बीमारी या संदिग्ध स्थिति सामने आने पर मोबाइल नंबर 9410119773 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *