बाजपुर में ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का जायजा लेने पहुंचे CM धामी, अधिकारियों को नुकसान के आकलन के निर्देश
Uttarakhand News | CM Dhami | Bajpur Hailstorm : बाजपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावित इलाकों में पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक भीषण ओलावृष्टि हुई। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। उस समय मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर से ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद बाजपुर में उतरकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी परेशानियों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण करने और नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों से नुकसान के आकलन से लेकर राहत संबंधी कार्रवाई तक सभी जरूरी कदम तत्परता और संवेदनशीलता के साथ उठाने को कहा।