SIM कार्ड को लेकर सरकार का बड़ा अलर्ट, ये गलती की तो 3 साल जेल और 50 लाख का लगेगा जुर्माना

0
SIMFraud

SIM Fraud | Telecom Department | Sanchar Saathi : मोबाइल सिम कार्ड के गलत इस्तेमाल और आईएमईआई नंबर से छेड़छाड़ को लेकर दूरसंचार विभाग ने नागरिकों को सतर्क किया है। विभाग ने सिम के दुरुपयोग को गंभीर मामला बताते हुए लोगों से अपने मोबाइल कनेक्शन और पहचान दस्तावेजों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है।

दूरसंचार विभाग के मुताबिक नियमों का उल्लंघन करने पर तीन साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को अपने पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल मोबाइल कनेक्शन लेने के लिए न करने दें।

छत्तीसगढ़ में सामने आया सिम फ्रॉड का मामला

विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में सिम कार्ड से जुड़ी धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया। इसमें एक प्वाइंट ऑफ सेल यानी पीओएस एजेंट ने नागरिकों के पहचान दस्तावेजों का उनकी जानकारी या सहमति के बिना इस्तेमाल करके 25 मोबाइल सिम जारी कर दिए।

मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित पीओएस एजेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। साथ ही उसके माध्यम से आगे मोबाइल कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी गई।

दूरसंचार विभाग ने डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म यानी डीआईपी के जरिए इन 25 मोबाइल नंबरों की जांच की। जांच में ऐसे मामले सामने आए…जहां नागरिकों के पहचान दस्तावेजों का कथित तौर पर उनकी जानकारी या सहमति के बिना इस्तेमाल किया गया था।

बदले हुए IMEI वाले उपकरणों से रहें दूर

दूरसंचार विभाग ने लोगों को ऐसे मोबाइल फोन, मॉडम, मॉड्यूल, सिम बॉक्स या दूसरे दूरसंचार उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है….जिनके आईएमईआई नंबर में बदलाव या छेड़छाड़ की गई हो।

इसके साथ ही लोगों से जाली दस्तावेजों या धोखाधड़ी के जरिए सिम कार्ड हासिल करने से भी बचने को कहा गया है।

अपने नाम पर कितने सिम, ऐसे करें चेक

विभाग ने नागरिकों से अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की नियमित जांच करने की अपील की है। इसके लिए संचार साथी पोर्टल और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इस सेवा के जरिए लोग अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जानकारी देख सकते हैं। अगर कोई ऐसा नंबर दिखाई देता है जिसे उन्होंने जारी नहीं कराया है…..तो उसकी शिकायत भी की जा सकती है।

अपना सिम किसी और को देना पड़ सकता है भारी

दूरसंचार विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अपने नाम पर जारी मोबाइल सिम किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए देना या बेचना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। खासतौर पर अगर उस कनेक्शन का किसी गैरकानूनी गतिविधि में इस्तेमाल होता है…तो सिम धारक के लिए भी परेशानी खड़ी हो सकती है।

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल कनेक्शन और पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल सावधानी से करें और समय-समय पर अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जांच करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *