उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश के आसार, 15 अक्टूबर को पूरे प्रदेश के लिए यलो अलर्ट

0
weather-update-1

Uttarakhand Weather | Rain Alert | IMD Forecast : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 14 अक्टूबर को प्रदेश के सात जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली चमकने के भी आसार हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश हो सकती है। प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर को उत्तराखंड के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने के आसार भी हैं।

अगले 5 से 7 दिन सक्रिय रह सकता है मौसम

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अगले पांच से सात दिनों के दौरान बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 15 और 16 अक्टूबर के आसपास मौसम की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

अक्टूबर से दिसंबर तक सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लंबी अवधि के पूर्वानुमान के मुताबिक अक्टूबर से दिसंबर के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से थोड़ी अधिक बारिश हो सकती है। इस दौरान उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

अक्टूबर में प्रदेश का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। ऐसे में फिलहाल जल्दी ठंड बढ़ने या सर्दियां ज्यादा पड़ने के स्पष्ट संकेत नहीं हैं।

हालांकि तीन महीने के पूर्वानुमान का मतलब यह नहीं है कि पूरे समय लगातार बारिश होगी। बारिश की गतिविधियां अलग-अलग समय पर हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *