उत्तराखंड: बस की सीट के लिए अब नहीं लगानी पड़ेगी लाइन, घर बैठे बुक होगा पहाड़ का टिकट, 12 रूटों की पूरी लिस्ट

0
UttarakhandRoadways

Uttarakhand Roadways | Mountain Bus Routes | Online Ticket Booking : चारधाम यात्रा के चलते उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में यात्रियों की आवाजाही बढ़ी हुई है। ऐसे में पहाड़ जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने राहत दी है। निगम ने देहरादून से संचालित 12 प्रमुख पर्वतीय बस सेवाओं की ऑनलाइन टिकट बुकिंग दोबारा शुरू कर दी है।

कुछ समय पहले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन बस सेवाओं को ऑनलाइन बुकिंग से हटाया गया था। अब व्यवस्था फिर बहाल होने के बाद यात्री घर से ही अपनी यात्रा की तारीख तय कर टिकट बुक कर सकेंगे।

इन रूटों पर मिलेगी ऑनलाइन बुकिंग

ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उत्तरकाशी, बड़कोट और ऊखीमठ जैसे चारधाम यात्रा से जुड़े रूटों के अलावा बागेश्वर, द्वाराहाट, मंडल, देवाल, बीरोखाल और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों के लिए भी उपलब्ध होगी।

निगम ने यात्रियों को सलाह दी है कि टिकट बुक करने से पहले संबंधित बस का रूट, रवाना होने का समय और सीटों की उपलब्धता जरूर देख लें। इसके बाद आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से अग्रिम टिकट बुक किया जा सकता है।

सुबह से शुरू हो जाती हैं बस सेवाएं

पर्वतीय रूटों पर कई बसें सुबह तड़के ही रवाना होती हैं। देहरादून से नागचूला खाल की बस सुबह 4:30 बजे चलेगी। बागेश्वर और घूमाकोट के लिए बसों का समय सुबह 5 बजे निर्धारित है।

तपोवन और उत्तरकाशी के लिए बस सुबह 5:30 बजे रवाना होगी। वहीं बड़कोट की बस 5:45 बजे चलेगी। द्वाराहाट और बीरोखाल के लिए बसें सुबह 6 बजे रवाना होंगी।

मंडल की बस 6:30 बजे, देवाल की बस 7 बजे और ऊखीमठ की बस 7:30 बजे चलेगी। इसके अलावा त्रिपालीसेन के लिए बस सुबह 8 बजे रवाना होगी।

यात्रियों को मिलेगी पहले से सीट तय करने की सुविधा

परिवहन निगम की सहायक महाप्रबंधक (पर्वतीय) चित्रलेखा के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बस सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग फिर शुरू की गई है।

ऑनलाइन टिकट व्यवस्था से यात्रियों को बस अड्डे पर पहुंचकर टिकट के लिए इंतजार करने के बजाय पहले से सीट बुक करने की सुविधा मिलेगी। खासतौर पर चारधाम यात्रा और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए इससे यात्रा की तैयारी करना आसान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed