उत्तराखंड से कब विदा होगा मॉनसून? मौसम विभाग ने बताया समय…जानिए

0
MonsoonExit-4

Uttarakhand Weather | Monsoon Exit | Chardham Yatra : उत्तराखंड में अब मानसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है। मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों से मानसून के लौटने की संभावना है। हालांकि इसके बीच पहाड़ी इलाकों में मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक प्रदेश में मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। अगले दो-तीन दिनों में अधिकांश क्षेत्रों से मानसून विदा हो सकता है।

पिछले 24 घंटे में भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जखोली में सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा जानकीचट्टी में 9 मिमी, कर्णप्रयाग में 8.5 मिमी, ताकुला में 7.5 मिमी, थल में 4 मिमी, चौबटिया रानीखेत में 3.5 मिमी और मुक्तेश्वर में 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून के कमजोर पड़ने के साथ ही चारधाम यात्रा में भी फिर से तेजी देखने को मिल रही है। ऋषिकेश में यात्रा पंजीकरण केंद्रों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। बुधवार को सुबह से ही यात्रियों का ट्रांजिट केंद्र पहुंचना शुरू हो गया था।

गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से पहुंचे यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। दोपहर तक करीब 1,500 यात्री पंजीकरण करा चुके थे..जबकि शाम पांच बजे तक यह संख्या बढ़कर 2,250 पहुंच गई।

ऋषिकेश के यात्रा बस अड्डे पर भी पंजीकरण के लिए बनाए गए करीब एक दर्जन काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ रही। यात्रा प्रशासन संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि ट्रांजिट केंद्र और यात्रा बस अड्डे पर श्रद्धालुओं के पंजीकरण के लिए व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *