4 अगस्त तक नहीं मिलेगी बारिश से राहत, मौसम विभाग ने जारी की नई चेतावनी

Uttarakhand Weather

Uttarakhand Weather | IMD Forecast | Heavy Rain Alert : उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 4 अगस्त तक अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है। 30 जुलाई (गुरुवार) के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 30 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश** हो सकती है। इन क्षेत्रों में तेज से अति तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। इसी वजह से इन चारों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

31 जुलाई को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है….जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है।

1 अगस्त को देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चंपावत में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा अन्य पहाड़ी इलाकों में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

2 अगस्त को पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अगस्त को उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

You may have missed