नैनीताल जा रहे नवविवाहित दंपती की स्कॉर्पियो को डंपर ने मारी टक्कर, बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत !

0
ramnagar-road-accident

Ram Nagar Accident | Basketball Player Death | Nainital News : उत्तराखंड के रामनगर में देर रात हुए सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौत हो गई। यतीश अपनी पत्नी के साथ स्कॉर्पियो से नैनीताल घूमने जा रहे थे। पीरूमदारा के पास उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में यतीश की मौके पर ही मौत हो गई…जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसा 2 अक्टूबर की देर रात करीब 1:20 से 1:45 बजे के बीच नेशनल हाईवे-309 पर पीरूमदारा के पास हुआ। बताया गया कि गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी डॉ. शीतल यादव के साथ काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से उनकी स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद पलट गई स्कॉर्पियो

टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद दोनों पति-पत्नी वाहन में फंस गए। सूचना मिलने पर रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से दोनों को गाड़ी से बाहर निकाला।

इसके बाद दोनों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों ने यतीश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल डॉ. शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर रेफर किया गया।

चार महीने पहले हुई थी शादी

बताया गया कि यतीश यादव की शादी करीब चार महीने पहले ही डॉ. शीतल यादव से हुई थी। यतीश उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा क्षेत्र के रहने वाले थे। वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के साथ एक निजी स्कूल में शिक्षक भी थे। उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर हैं।

दोनों शादी के कुछ ही महीने बाद घूमने के लिए नैनीताल जा रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

पिता ने डंपर चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे की सूचना मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर पहुंचे। यतीश के पिता सुरेश यादव ने डंपर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उपखनिज से लदा 22 टायरा डंपर ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में आ गया और सामने से स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।

वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि यतीश के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *