ऋषिकेश के बजरंग सेतु पर अब नहीं होगी फ्री एंट्री, जानिए कितना देना होगा शुल्क

BajrangSetu

BajrangSetu | Rishikesh | GlassBridge : ऋषिकेश स्थित नव निर्मित बजरंग सेतु पर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब पुल के ग्लास (कांच) वाले हिस्से पर चलने के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। हालांकि पुल के सामान्य डामर वाले हिस्से से आने-जाने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए ग्लास डेक पर प्रवेश शुल्क 100 रुपये तय किया गया है। वहीं 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों और किशोरों के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

विभाग का कहना है कि ग्लास डेक पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में इसकी नियमित सफाई, सुरक्षा, तकनीकी जांच और समय-समय पर होने वाले रखरखाव के लिए अतिरिक्त खर्च आता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह शुल्क लागू किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग केवल पुल के रखरखाव, सुरक्षा और मरम्मत कार्यों पर किया जाएगा….ताकि यह लंबे समय तक सुरक्षित और बेहतर स्थिति में संचालित हो सके।

बजरंग सेतु शुरू होने के बाद से यह पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। पुल के कांच वाले हिस्से से गंगा और आसपास के प्राकृतिक दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि शुल्क लागू होने के बाद भी पर्यटकों की संख्या पर खास असर नहीं पड़ेगा।

बता दें कि बजरंग सेतु आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। यह लगभग 132.30 मीटर लंबा और 8.60 मीटर चौड़ा है। पुल के दोनों ओर विशेष पांच परतों वाले टफेंड ग्लास से बने पैदल मार्ग तैयार किए गए हैं…जो इसकी सबसे बड़ी खासियत माने जा रहे हैं।

You may have missed