सिर्फ अच्छे अंक नहीं, अच्छे संस्कार भी जरूरी…छात्रों से बोले बंशीधर तिवारी

Banshidhar Tiwari

Banshidhar Tiwari | Times Achievers 2026 | Dehradun : महानिदेशक सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित न रहें…बल्कि ज्ञान, चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यही गुण उन्हें वास्तविक सफलता दिलाएंगे।

वह एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम, देहरादून में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में बंशीधर तिवारी ने कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती…बल्कि निरंतर मेहनत, सीखने की इच्छा और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक उपलब्धियां महत्वपूर्ण हैं…लेकिन एक सफल जीवन के लिए अच्छे संस्कार, ईमानदारी, अनुशासन, धैर्य और संवेदनशीलता भी उतनी ही आवश्यक हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे परीक्षा के अंकों और डिग्रियों से आगे बढ़कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें। उनके अनुसार करियर में सफलता अवसर देती है…लेकिन वास्तविक संतुष्टि परिवार के मूल्यों का सम्मान करने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने से मिलती है।

बंशीधर तिवारी ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे भारत को ऐसे युवाओं की जरूरत है…जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता मिलने पर भी विनम्र और कृतज्ञ बने रहने की अपील की।

उन्होंने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे आयोजन मेधावी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविद, संस्थान प्रमुख, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

You may have missed