दीश्रा जोशी ने बनाई सोशल मीडिया से दूरी और 12वीं में बन गई टॉपर !

Nainital: CBSE: Results: Diksha Joshi: नैनीताल की होनहार छात्रा दीक्षा जोशी ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। अनुशासन, निरंतर मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर दीक्षा ने यह सफलता हासिल कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे शहर और परिवार का नाम रोशन किया है। खास बात यह रही कि इतिहास विषय में उन्होंने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

दीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और इंटरनेट मीडिया से दूरी को दिया। उनका कहना है कि उन्होंने प्रतिदिन लगभग छह घंटे पढ़ाई की और हमेशा लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा। दीक्षा का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाकर समाज और देश के लिए कार्य करना है। इसी उद्देश्य को लेकर उन्होंने अभी से स्नातक के साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।

दीक्षा की इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके पिता किशोर जोशी नैनीताल में दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रभारी हैं, जबकि माता आशा जोशी उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के राज्य स्तरीय शहरी विकास संस्थान में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों ने व्यस्त दिनचर्या के बावजूद घर में शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक माहौल बनाए रखा, जिससे दीक्षा को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

मूल रूप से चंपावत जिले के चनोड़ा गांव निवासी दीक्षा ने इससे पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी 94.2 प्रतिशत अंक हासिल कर कक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। उनकी सफलता से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है तथा लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है।