नैनीताल जिले में भारी बारिश का अलर्ट, 26 सितंबर को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

0
Nainital-School-Holiday

Nainital Weather | Red Alert | School Holiday : उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने 26 सितंबर 2026 को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान में 26 सितंबर को नैनीताल जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के मुताबिक जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

बारिश के कारण नदियों और नालों में बढ़ सकता है पानी

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों को लेकर भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। तेज बारिश के दौरान नदियों, नालों और गधेरों में पानी का बहाव बढ़ सकता है। वहीं संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए स्कूलों में छुट्टी का फैसला लिया गया है।

26 सितंबर को बंद रहेंगे स्कूल

आदेश के अनुसार 26 सितंबर, शनिवार को नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। यह अवकाश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

शिक्षकों और स्टाफ को भी अवकाश

प्रशासन की ओर से जारी आदेश में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी इस दिन अवकाश की अनुमति दी गई है। मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को आदेश का संबंधित संस्थानों में पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा…जहां छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई और रहने की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है।

आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिले में बारिश और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है खासकर ऐसे स्थानों पर जहां तेज बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने या भूस्खलन का खतरा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *