उत्तराखंड: अधिकारी की शिकायत से बढ़ीं विधायक के बेटे की मुश्किलें, हंगामे के आरोप का वीडियो भी सामने आया

CongressMLASon

Roorkee | Haridwar | SIR | Uttarakhand : हरिद्वार जिले की रामपुर नगर पंचायत कार्यालय में हंगामे का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने पिरान कलियर विधायक के बेटे पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार घटना 3 अगस्त की है। बताया जा रहा है कि विधायक के बेटे सलमान किसी काम से रामपुर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान उनका कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद कार्यालय में हंगामे की स्थिति बन गई।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रोहित पंवार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सलमान ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। उनका कहना है कि घटना के कारण कुछ समय के लिए कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हुआ।

अधिशासी अधिकारी के अनुसार इस समय नगर पंचायत में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में हुई इस घटना से कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया। उन्होंने बताया कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है…और इसका एक वीडियो भी सामने आया है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि पुलिस को शिकायत मिल गई है…और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed