उत्तराखंड: एमडीडीए ने पहली बार कराई मैस्कॉट-स्लोगन प्रतियोगिता, जानिए कौन रहे विजेता

0
MascotCompetition

MDDA | Dehradun | Mascot-Slogan Competition : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अपनी नई पहचान को लेकर आयोजित मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया। बुधवार को एमडीडीए कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार समेत प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी और प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी मौजूद रहे।

एमडीडीए की ओर से यह प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की गई थी। इसका मकसद प्राधिकरण की पहचान के लिए लोगों की रचनात्मक सोच और विचारों को सामने लाना था। प्रतियोगिता 3 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित की गई…जिसमें आम लोगों, युवाओं और रचनात्मक प्रतिभाओं ने हिस्सा लिया।

मैस्कॉट डिज़ाइन प्रतियोगिता में स्नेहा भण्डारी ने पहला स्थान हासिल किया। उन्हें 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र दिया गया। अनुराग रमोला दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 30 हजार रुपये मिले। वहीं अंकिता बिष्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया और उन्हें 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

स्लोगन प्रतियोगिता में अंकित सिंह रावत प्रथम रहे। उन्हें 10 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

एमडीडीए अधिकारियों के मुताबिक प्रतियोगिता के जरिए लोगों को प्राधिकरण की पहचान से सीधे जुड़ने का अवसर मिला। मैस्कॉट और स्लोगन के माध्यम से एमडीडीए के काम, सोच और भविष्य की दिशा को रचनात्मक तरीके से सामने लाने का प्रयास किया गया।

समारोह में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सभी विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सामने आई रचनात्मकता से पता चलता है कि लोगों के पास एमडीडीए को लेकर अपनी कल्पना और विचार हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण विकास कार्यों के साथ जनभागीदारी और नए विचारों को भी आगे बढ़ाने पर जोर देगा।

विजेताओं के सम्मान के साथ कार्यक्रम में प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की भी सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *