मोहम्मद दीपक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला

0
DeepakKumar

Social Media Dispute | Kotdwar Police | Deepak Kumar : कोटद्वार में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। एक व्यापारी की शिकायत के बाद पुलिस ने दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के दौरान कुछ और धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद हटाए जाने से जुड़े एक मामले पर दीपक कुमार की सोशल मीडिया पोस्ट से हुई। इस पोस्ट पर एक व्यापारी ने प्रतिक्रिया दी….जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दीपक कुमार और व्यापारी के बीच तीखी कहासुनी होती दिखाई दे रही है। इसके बाद व्यापारी संजीव टैंक ने कोटद्वार कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने BNS की धारा 196 और 115 को भी मामले में शामिल किया।

पुलिस के अनुसार दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक को BNS की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

इधर गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया और महामंत्री नवीन गोयल के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की और कोतवाली में धरना दिया।

व्यापारियों का कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस दौरान एएसपी मनोज ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को बताया कि मुकदमा दर्ज है और पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *