केदारताल हिमस्खलन में लापता 8 में से दो के शव मिले, छह की तलाश जारी

0
kedartal-avalanche-two-bodies-recovered

Uttarkashi | Kedartal Avalanche | Rescue Operation : उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक क्षेत्र में हिमस्खलन के बाद लापता हुए आठ लोगों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार 3 नवंबर को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान रेस्क्यू टीम को एक महिला और एक पुरुष पर्वतारोही का शव मिला। हालांकि अभी छह अन्य लापता लोगों का पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश के लिए बुधवार को फिर अभियान चलाया जाएगा।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे केदारताल क्षेत्र में खोज अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और अन्य रेस्क्यू एजेंसियों की टीमें इस अभियान में शामिल रहीं। कई घंटे तक दुर्गम पहाड़ी इलाके में तलाश करने के बाद टीम को दो शव मिले। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।

दोपहर करीब तीन बजे तक चले अभियान के बाद रेस्क्यू टीम बेस कैंप लौट आई। खराब मौसम, बर्फबारी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बाकी छह लोगों की तलाश चुनौती बनी हुई है। बुधवार को मौसम और हालात को देखते हुए दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

रेस्क्यू अभियान को तेज करने के लिए घटनास्थल के नजदीक वैकल्पिक हेलीपैड बनाने की तैयारी की गई है। इसके लिए समुद्र तल से करीब 4005 मीटर की ऊंचाई पर जगह चिह्नित की गई है। यहां हेलीकॉप्टर उतारने की व्यवस्था की जा रही है….ताकि जरूरत पड़ने पर बचाव दल और जरूरी उपकरणों को घटनास्थल के करीब पहुंचाया जा सके। इससे दुर्गम क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्ट स्टाफ समेत कुल 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए निकला था। दल का एक कुक अगले ही दिन गंगोत्री लौट आया था। बाकी सदस्यों को 29 अक्टूबर तक वापस पहुंचना था….लेकिन खराब मौसम और हिमस्खलन के चलते वे रास्ते में फंस गए।

इसके बाद 30 अक्टूबर को सर्च और रेस्क्यू टीम ने अभियान शुरू किया। इस दौरान चार हजार मीटर की ऊंचाई पर फंसे तीन पोर्टर और एक कुक को सुरक्षित बाहर निकालकर कैंप तक पहुंचाया गया। वहीं सात ट्रेकर्स और एक गाइड की तलाश जारी रही।

अब दो लोगों के शव मिलने के बाद छह अन्य लापता लोगों की खोज की जा रही है। प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों की टीमें बुधवार को फिर से अभियान शुरू करने की तैयारी में हैं।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने कहा कि मंगलवार को चलाए गए अभियान में एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए हैं। रेस्क्यू टीम दोपहर करीब तीन बजे बेस कैंप लौट आई। घटनास्थल के पास 4005 मीटर की ऊंचाई पर वैकल्पिक हेलीपैड के लिए जगह चिह्नित की गई है। बुधवार को मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए शेष छह लोगों की तलाश फिर शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *